Bureau Report /News 18 Plus Abhishek Srivastava /Siswa
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के बाद कार्यों में लापरवाही बरतने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और आशा कार्यकर्ताओं के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में पिछले तीन माह के कार्यों की समीक्षा के दौरान कई स्वास्थ्य उपकेंद्रों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया।
सीएचसी अधीक्षक एवं चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वरचंद विद्यासागर ने होरीलापुर के सीएचओ दुर्गेश कुमार का दो माह का परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव (पीबीआई) रोकने के आदेश दिए हैं। वहीं मेहदिया की सीएचओ प्रियंका पांडेय और हरपुर पकड़ी की सीएचओ नूपुर पांडेय को कार्यों में शिथिलता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में लापरवाही पाए जाने पर हरपुर पकड़ी की मीना देवी, लोहेपार की कालिंदी, मधवलिया की रीना, मेहदिया की मीना तथा बेलवा की सुनीता सहित पांच आशा कार्यकर्ताओं को भी नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा कार्यों में लगातार लापरवाही के आरोप में रीना सिंह, सुनीता, मीना, रीना, पूनम, मीरा, कालिंदी, सुनीता, मीना, रेनू, आशा, दुर्गावती और इंद्रावती समेत कुल 13 आशा कार्यकर्ताओं का तीन माह का टीम बेस्ड इंसेंटिव (टीबीआई) बाधित करने की संस्तुति की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद सीएचसी सिसवा से जुड़े स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।