रिपोर्ट: नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज। जनपद के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को कोषागार पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और जिले के समग्र विकास के लिए अपना स्पष्ट ‘एक्शन प्लान’ साझा किया।
विकास और जनसुनवाई पर रहेगा फोकस
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकार की जनोन्मुखी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर धरातल पर भी दिखना चाहिए।
राजस्व वादों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को उन्होंने अपनी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल किया।
महिलाओं से लेकर शहर तक—हर क्षेत्र में सुधार का विजन
बैठक में डीएम ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं और मुद्दों पर विशेष जोर दिया लखपति दीदी योजना: एनआरएलएम के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इस योजना को मिशन मोड में लागू करने के निर्देश।
नगर विकास व स्वच्छता: महराजगंज को नगर विकास में अग्रणी बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने पर जोर।
जल संरक्षण: जल संचय को जनभागीदारी के साथ व्यापक अभियान के रूप में चलाने का आह्वान।
स्मार्ट मीटर: बिजली विभाग को निर्देश कि स्मार्ट मीटरों को लेकर जनता में फैली भ्रांतियों को दूर करें और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
अधिकारियों को टीमवर्क का मंत्र!
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने ‘स्वगणना’ प्रक्रिया को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
कार्यभार ग्रहण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।नवागत डीएम का स्पष्ट और सख्त रुख संकेत देता है कि अब महराजगंज में योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व जवाबदेही पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।