ब्यूरो: महराजगंज
महराजगंज जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चेहरी टोला महलगंज में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो सगे मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कटहरा टोला बीट नर्सरी के निवासी डब्लू साहनी वर्तमान में चेहरी के महलगंज में किराये के मकान में परिवार सहित रह रहे हैं। मंगलवार शाम करीब 5 बजे उनके दो मासूम बेटे—राज (5 वर्ष) और आयुष (4 वर्ष)—घर के पास स्थित ईंट भट्ठे के समीप मिट्टी के ढेर पर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे अचानक लापता हो गए, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक खोजबीन के बाद पास ही एक गहरे गड्ढे में, जिसमें बरसाती पानी भरा हुआ था, दोनों बच्चों के डूबे होने की आशंका पर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों मासूम गड्ढे के अंदर डूबे हुए मिले। उन्हें तत्काल बाहर निकालकर जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर खुले गहरे गड्ढों और असुरक्षित स्थानों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरवाने या सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।