सीमा पर सख्ती: ठूठीबारी में बड़ी कार्रवाई, शातिर तस्कर गिरफ्तार! भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन, कैप्सूल, मोबाइल व मोपेड बरामद।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज, 31 जुलाई। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने दबिश देकर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं, मोबाइल फोन तथा मोपेड बरामद हुई है।

 

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 30 जुलाई की रात ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर ग्राम रमगढ़वा टोला नौडीहवा निवासी गोलू चौहान (24 वर्ष) को धर दबोचा।

 

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 52 बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन, 51 प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन, 49 डाइजेपाम इंजेक्शन, इसके अलावा एसपीएम-पीआरएक्स प्लस वॉकहार्ट कैप्सूल (कुल वजन 257 ग्राम), एक मोबाइल फोन तथा एक हीरो पुक मोपेड बरामद की गई।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वर्ष 2023 में उसके खिलाफ निचलौल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। वर्तमान मामले में भी आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।

 

पुलिस अब आरोपी के तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *