Bureau Report/News 18 Plus/Sindooriya
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की। पुलिस की सतर्क निगरानी और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न कराया गया।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष अनूप तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रही। वहीं चौकी प्रभारी मनोज यादव सहित पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
थाना क्षेत्र के सिंदुरिया चौराहा, बलूहीधुस, नरायनापुर, मोहनपुर, बरवा कला, जगन्नाथपुर, जौरहर, बरवा सोनिया, मिठौरा, ग्राम बौलिया, बाबूरामनगर टोला समेत विभिन्न स्थानों से निकली प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान पुलिस की निगरानी बनी रही।
थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने बताया कि प्रत्येक प्रतिमा के विसर्जन स्थल पर आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में पुलिस बल लगाया गया था। पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सकुशल तरीके से संपन्न हुआ।
पुलिस की सक्रियता के चलते विसर्जन मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बनी रही। पुलिस टीम ने जुलूस के दौरान लोगों से शांतिपूर्वक आगे बढ़ने और निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की अपील की। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।