*थानाध्यक्ष योगेंद्र राय की दो टूक—डोल में हुड़दंग करने वालों को नहीं बख्शेगी पुलिस!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Nichlaul 

 

एचपी पेट्रोल पंप के पास मारपीट से मची अफरा-तफरी, तीन हिरासत में; पंडाल कमेटियों को बुलाकर पुलिस ने दी सख्त हिदायत।

निचलौल (महराजगंज)। डोल निकलने के दौरान निचलौल कस्बे में मारपीट की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एचपी पेट्रोल पंप के पास किसी बात को लेकर मारपीट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

 

बताया जा रहा है कि डोल निकलने के दौरान परिवार वस्त्रालय के पास मेले में आए एक दंपति के साथ करीब आधा दर्जन युवकों द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद यादव पेट्रोल टंकी के पास भी मारपीट की घटना हुई। लगातार सामने आई घटनाओं से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

 

घटना के बाद पुलिस की सक्रियता से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना के कारणों और मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है।

 

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर सवाल यह भी उठ रहा है कि धार्मिक आयोजन और डोल के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ लोग कानून व्यवस्था को चुनौती देने से क्यों नहीं हिचक रहे हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहार के माहौल में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

पंडाल कमेटियों को बुलाकर दी गई हिदायत

 

निचलौल थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि क्षेत्र की सभी पंडाल कमेटियों को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अराजकता या विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस के इस सख्त रुख के बाद अब देखना होगा कि डोल और विसर्जन के दौरान उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई कितनी प्रभावी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *