न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज
जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनुपस्थित अफसर पर नोटिस के निर्देश।
महराजगंज, 16 मई 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला समीक्षा एवं निरीक्षण समिति की बैठक पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि, पेंशन योजना, आवास योजना एवं नहर सिंचाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी) के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं खनन संबंधी शिकायतों पर चर्चा करते हुए विधायक ने परमिट होने के बावजूद वाहनों के सीज किए जाने के मामलों पर खनन निरीक्षक को फटकार लगाई और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा बिजली चोरी रोकने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
बैठक में रामपुर महुअहवा प्राथमिक विद्यालय परिसर में अवैध अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा, जिस पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को तत्काल अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने समिति के सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भरोसा दिलाया कि दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस दौरान सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।