News 18 Plus Bureau Maharajganj
महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जीरो फेटलिटी जिला (शून्य मृत्यु जिला) कार्यक्रम के अंतर्गत महराजगंज पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में मंगलवार को थाना घुघली क्षेत्र के चिन्हित स्थानों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस एवं थाना घुघली की क्रिटिकल कॉरिडोर टीम द्वारा हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन में लगे स्पीड रडार गन के माध्यम से वाहनों की गति की सघन जांच की गई। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।