यूपी-112 की तत्परता से बची अभ्यर्थी की परीक्षा, महज 5 मिनट में पहुंचाया परीक्षा केंद्र।

Bureau Report/ Rakesh Tripathi/ Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor 

 

महराजगंज। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी-112 ने अपनी त्वरित और जनसेवी कार्यशैली का परिचय देते हुए एक अभ्यर्थी की परीक्षा छूटने से बचा ली। समय कम होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए अभ्यर्थी को हूटर बजाते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचाया, जिससे वह निर्धारित समय से पहले परीक्षा में शामिल हो सका।

 

जानकारी के अनुसार बलरामपुर जनपद निवासी अमन गुप्ता पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल परीक्षा केंद्र जा रहे थे। रास्ते में विलंब होने के कारण वे दोपहर 2:25 बजे परतावल चौराहे पर पहुंचे और उन्हें आशंका हुई कि समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाने के कारण उनकी परीक्षा छूट सकती है।

 

इस पर अभ्यर्थी ने यूपी-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही इवेंट संख्या 5561 पर पीआरवी-5813 में तैनात हेड कांस्टेबल बैरिस्टर प्रसाद एवं पुलिस टीम ने तत्काल अभ्यर्थी से संपर्क किया और बिना देर किए उसे वाहन में बैठाकर परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हो गए।

 

पुलिस टीम की तत्परता का परिणाम रहा कि अभ्यर्थी को ठीक 2:30 बजे, प्रवेश द्वार बंद होने से पहले पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल पहुंचा दिया गया। समय पर पहुंचने के बाद अमन गुप्ता ने यूपी-112 पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पुलिस की सहायता नहीं मिलती तो उसकी परीक्षा छूट सकती थी।

 

घटना के दौरान मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी यूपी-112 की संवेदनशीलता, त्वरित कार्यप्रणाली और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *