न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो/निचलौल
निचलौल, महराजगंज। नगर पंचायत निचलौल के लोहिया नगर वार्ड नंबर 11 में जलभराव की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी की वजह से आम राहगीरों के साथ सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। सन साइन और सेंट जोसेफ स्कूल जाने वाले बच्चे रोज पानी से भरे रास्ते से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा होने के कारण बच्चों को आवागमन में दिक्कत होती है। पानी से होकर गुजरने के दौरान उनके जूते और कपड़े भीग जाते हैं, वहीं फिसलन के कारण गिरने और चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद इस मार्ग पर जलभराव की स्थिति लगातार बनी रहती है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी निकलने में काफी समय लगता है। इससे सड़क की स्थिति भी खराब हो रही है और लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी राहुल मिश्रा, प्राची तिवारी सहित अन्य लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने तथा सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों की रोजाना आवाजाही को देखते हुए प्रशासन और नगर पंचायत को इस समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए, ताकि जलभराव के कारण किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।