न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार
पीड़िता ने दी जान से मारने की धमकी की तहरीर।
कोठीभार (महराजगंज)। थाना कोठीभार क्षेत्र के गुरली शाही टोला में कहासुनी के बाद महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन पड़ोसियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गुरली शाही टोला निवासी संगीता देवी पत्नी पिंटू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे पड़ोसन काजल पत्नी अजय से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि कहासुनी के बाद कैलाश पुत्र मोती, काजल पत्नी अजय और राम पुत्र कैलाश लाठी-डंडों से लैस होकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर दी।
पीड़िता के मुताबिक, मारपीट में उसकी आंख के पास समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उसने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के निर्देशानुसार कोठीभार पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।