-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को महिला अपराधों से बचाव की दी जानकारी!मिशन शक्ति 5.0 के तहत कोठीभार पुलिस ने 35 महिलाओं एवं बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार

 

महराजगंज। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत रविवार को थाना कोठीभार पुलिस की ओर से ग्राम बड़हरा महंत में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला अपराधों से बचाव, सुरक्षा, सशक्तिकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में निडर होकर शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।

 

महिला अपराधों के प्रति किया जागरूक

 

सम्मेलन में महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी एवं महिला कांस्टेबल प्रियंका शाह की मौजूदगी में करीब 35 महिलाओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को समाज में होने वाले महिला संबंधी अपराधों, जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और दुष्कर्म आदि के प्रति जागरूक किया। महिलाओं को इन अपराधों से बचाव, विरोध और शिकायत के लिए उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में जानकारी दी गई।

 

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

 

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता और शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसमें 112, 1090, 102 और 181 सहित अन्य उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। महिलाओं को साइबर अपराधों से संबंधित सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई। साथ ही, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।

 

घर से भागने की समस्याओं से कराया अवगत

 

संवाद के दौरान पुलिस टीम ने बालिकाओं एवं महिलाओं को घर से भागने के मामलों में सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों और परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में समझाया। बालिकाओं को किसी भी परेशानी या दबाव की स्थिति में परिजनों, भरोसेमंद व्यक्तियों अथवा पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

 

महिलाओं ने पुलिस की पहल को बताया सकारात्मक

 

सम्मेलन में शामिल महिलाओं ने बताया कि हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी मिलने से उन पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को मदद मिलेगी, जो किसी कारणवश थाने जाकर अपनी शिकायत नहीं कर पाती हैं। अब वे फोन के माध्यम से बिना डर और संकोच के अपनी समस्याएं संबंधित विभाग तक पहुंचा सकती हैं। महिलाओं ने कहा कि समय रहते शिकायत करने से समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई संभव होगी। महिलाओं ने बहू-बेटी सम्मेलन को सकारात्मक एवं साहस बढ़ाने वाली पुलिस पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *