Bureau Report /Rajiv Tripathi /Siswa Kothibar News 18 Plus /Associate Editor
महराजगंज, 30 जून: कोठीभार थाना क्षेत्र के बलहीखोर गांव में मंगलवार सुबह आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पप्पू यादव (35) पुत्र संत यादव, निवासी बलहीखोर, थाना कोठीभार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 9:20 बजे वह आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश पेड़ से गिरने का प्रतीत होता है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।