Bureau Report /Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus/ Chief Editor
महराजगंज, 04 जुलाई। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा-कक्षों, सभागार, शिक्षक एवं कर्मचारी आवास सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा कार्यदायी संस्था को शेष निर्माण कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यूपीसीडको को असेंबली हॉल में एक्जॉस्ट फैन लगाने, विद्यालय की बाउंड्रीवाल को सुरक्षित कराने तथा सोलर रूफटॉप प्रणाली जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
प्रधानाचार्य ने बताया कि वे स्वयं स्पेशल एजुकेटर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय में दिव्यांग बच्चों को प्रवेश में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि समावेशी शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।
जिलाधिकारी ने छात्राओं के भोजन एवं मेस व्यवस्था की भी जानकारी ली। प्रधानाचार्य ने बताया कि मेस का संचालन स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जा रहा है तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक है। इस पर जिलाधिकारी ने गुणवत्ता लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कराने और किचन गार्डन विकसित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में रह रही छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को छात्राओं की सभी आवश्यकताओं और सुविधाओं का नियमित ध्यान रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।