रिपोर्ट ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। आगामी नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है।
प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने चिउरहा, महराजगंज स्थित रूचि एग्रो प्रोडक्ट की बेसन निर्माण इकाई का निरीक्षण कर बेसन का नमूना संग्रहित किया।
इसके अलावा अशोक इंटरप्राइजेज, फरेंदा रोड का निरीक्षण कर घी के ज्ञान ब्रांड का नमूना लिया गया। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह एवं हिमांशु जयंत शामिल रहे। विभाग ने पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।