*दशहरा पर महराजगंज में चाक-चौबंद सुरक्षा, 1747 दुर्गा प्रतिमाओं के लिए तैनात होगा पुलिस बल!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj 

 

संवेदनशील गांवों और चौराहों पर बढ़ाई गई गश्त, सात थानों को अतिरिक्त पुलिस बल व एक पीएसी कंपनी मिली।

महराजगंज। शारदीय नवरात्रि, दुर्गापूजा एवं विजयदशमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में जिले के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है।

 

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। जिले में स्थापित होने वाली 1,747 दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन-पूजन, विसर्जन जुलूस, रावण व मेघनाथ दहन, भरत मिलाप और मेलों को देखते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

 

विशेष संवेदनशीलता वाले कोतवाली, श्यामदेउरवा, भिटौली, सिन्दुरिया, निचलौल, कोठीभार और कोल्हुई थानों को अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। इन थानों के लिए एक निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 110 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 31 महिला आरक्षी और एक पीएसी कंपनी तैनात की गई है। इसके अलावा सभी थानों के स्तर पर भी पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है।

 

मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी करेंगे लगातार निगरानी

 

जिला प्रशासन के समन्वय से जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले गांवों तथा चौराहों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।

 

सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर

 

पुलिस के सोशल मीडिया सेल द्वारा फेसबुक, एक्स, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम समेत प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी की जा रही है। आपत्तिजनक टिप्पणी, भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

 

प्रतिमा विसर्जन के पूरे मार्ग पर रहेगी पुलिस की निगरानी

 

पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक दुर्गा प्रतिमा के साथ पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाए। प्रतिमा उठने से लेकर विसर्जन स्थल तक पुलिसकर्मी साथ रहेंगे। क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे।

 

विसर्जन से पहले सभी थानाध्यक्ष पैदल भ्रमण कर मार्ग का निरीक्षण करेंगे और रास्ते में आने वाली बाधाओं को हटाने के साथ आवश्यक सुरक्षात्मक इंतजाम सुनिश्चित करेंगे।

 

सुरक्षा उपकरणों से लैस रहेंगे पुलिस वाहन

 

आपात स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्षों के सरकारी वाहनों में हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर, शीनगार्ड, एल्बोगार्ड, केनशील्ड, ड्रैगन लाइट, रस्सा, एंटी राइट गन, गैस गन और बुलेट प्रूफ जैकेट समेत आवश्यक सुरक्षा उपकरण रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि दशहरा और दुर्गापूजा का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं। किसी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु अथवा अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या 112 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *