*भारत-नेपाल सीमा पर नशीले इंजेक्शन की बड़ी खेप बरामद, एक गिरफ्तार!*

Bureau Report /News 18 Plus /Sonauli

 

स्विफ्ट डिजायर कार से 1,503 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद; सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई।

 

सोनौली (महराजगंज)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने भारत-नेपाल सीमा के मुख्य गेट के पास चेकिंग के दौरान 1,503 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है।

 

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सोनौली विशाल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार सुबह सीमा के मुख्य गेट के पास वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान कार से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।

 

तीन प्रकार के इंजेक्शन मिले

 

बरामद खेप में 511 एम्पुल बुप्रेनोरफिन, 499 एम्पुल डाइजापाम और 493 एम्पुल प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन शामिल हैं। कुल 1,503 एम्पुल बरामद किए गए। मौके से स्विफ्ट डिजायर कार संख्या HR 72D 6317 भी जब्त की गई।

 

29 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमचन्द पुत्र संतराम, उम्र करीब 29 वर्ष, निवासी ग्राम जुगौली, थाना सोनौली, महराजगंज के रूप में हुई है।

 

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा

 

बरामदगी के आधार पर थाना सोनौली में मु0अ0सं0 96/2026, धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय सदर महराजगंज में पेश करने के लिए भेज दिया।

 

कार्रवाई में ये रहे शामिल

 

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार पटेल, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार और कांस्टेबल अनूप मिश्रा शामिल रहे। एसएसबी टीम में उपनिरीक्षक रामलाल, हेड कांस्टेबल करमवीर प्रताप गहलोत और कांस्टेबल नवनीत कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *