Bureau Report /Rajiv Tripathi /Maharajganj News 18 Plus/ Co-Editor
महराजगंज, 03 मई 2026 जनपद महराजगंज के सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अवसर पर 04 मई 2026 को प्रस्तावित वीवीआईपी आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, प्रस्तावित हेलीपैड, आगमन एवं प्रस्थान मार्गों के साथ-साथ पार्किंग स्थलों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग, चेकिंग व्यवस्था एवं ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश मौके पर ही दिए।
अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है और हर बिंदु पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धांजलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है और संबंधित विभागों को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।