Bureau Report/ News 18 Plus Abhishek Srivastava/ Siswa
प्रसव के नाम पर 7,500 रुपये वसूलने का आरोप, जन्म प्रमाण पत्र की त्रुटि सुधारने से किया इनकार
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
महराजगंज:सिसवा विकासखंड के ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा निवासी अफरीन निशा ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा से संबद्ध चिउटहा एनएम सेंटर के एक स्वास्थ्यकर्मी पर प्रसव के दौरान अवैध धनराशि वसूलने तथा जन्म प्रमाण पत्र में हुई त्रुटियों को सुधारने से इनकार करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, अफरीन निशा की बहन निशा खातून को प्रसव पीड़ा होने पर 18 सितंबर 2025 को चिउटहा स्थित एनएम सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। आरोप है कि प्रसव के बाद जन्म प्रमाण पत्र एवं अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर स्टाफ बिंदु चौधरी द्वारा 7,500 रुपये की मांग की गई। परिवार का कहना है कि परिस्थितिवश उन्हें उक्त राशि का भुगतान करना पड़ा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि लगभग सात माह बाद प्राप्त जन्म प्रमाण पत्र में कई त्रुटियां पाई गईं। इन्हें ठीक कराने के लिए संबंधित स्वास्थ्यकर्मी से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन त्रुटि सुधार कराने के बजाय लगातार टालमटोल की गई। इतना ही नहीं, बातचीत के दौरान अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
अफरीन निशा ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने, जन्म प्रमाण पत्र में दर्ज त्रुटियों का शीघ्र संशोधन कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।