News 18 Plus /Bureau: Maharajganj
महराजगंज : 23 जुलाई 2026 महराजगंज पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जनपद में सक्रिय कुख्यात एवं आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत 4 अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की है।
जुलाई 2026 के विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया गया, जो समाज में भय और आतंक का माहौल बनाकर अवैध गतिविधियों में लिप्त थे। इनके विरुद्ध धारा 3/4 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी द्वारा 3 अभियुक्तों को जनपद की सीमा से जिला बदर करने का आदेश दिया गया है, जबकि एक अभियुक्त को 6 माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने में अनिवार्य उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बदर किए गए अभियुक्तों में
अजमल अंसारी (थाना कोतवाली), गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव (थाना घुघली) और विद्यासागर (थाना पनियरा) शामिल हैं।
वहीं, नियमित हाजिरी के आदेशित अभियुक्त
श्रवण हरिजन (थाना ठूठीबारी) को 6 माह तक हर महीने के पहले शनिवार को थाने में उपस्थित होना होगा।
पुलिस के अनुसार, इन सभी अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनके आचरण से जनसुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।