सड़क सुरक्षा माह के पहले दिन महराजगंज पुलिस का बड़ा अभियान, 197 वाहन सीज, 315 के कटे चालान!

1153 वाहनों की हुई सघन जांच, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने दिखाई सख्ती।

 

न्यूज़ 18प्लस/महराजगंज।

 

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह के पहले दिन ही व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में एक नवंबर 2026 को जनपद के सभी थानों की पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुल 1153 वाहनों की जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 197 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 315 वाहनों का चालान किया गया।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों, राहगीरों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन की अपील की। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने के प्रति जागरूक किया गया।

 

पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात संकेतों एवं सड़क चिह्नों का पालन करने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की भी सलाह दी। अभियान के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

 

महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन केवल जुर्माने और चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *