महराजगंज में वृहद विधिक सेवा शिविर का आयोजन, 1923 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ!

प्री-कैंप और मेगा कैंप में 2900 पात्र लोगों को किया गया चिह्नित, न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण।

 

न्यूज़ 18प्लस/महराजगंज

 

जनपद में आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिलाने के उद्देश्य से रविवार को जिला उद्योग चौराहा स्थित श्रीबालाजी लॉन में वृहद विधिक सेवा एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10:30 बजे आयोजित इस शिविर का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने फीता काटकर किया।

 

शुभारंभ के बाद न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।

 

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, जिला कारागार, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, श्रम विभाग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, राजस्व, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला प्रोबेशन, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।

 

इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा विधिक सेवा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की भी जानकारी दी गई।

 

इस वृहद शिविर के आयोजन के लिए प्रभारी जनपद न्यायाधीश की ओर से पांच सदस्यीय न्यायिक समिति गठित की गई थी। इसमें विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) को समिति का अध्यक्ष तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड, अपर सिविल जज (अवर खंड) और सिविल जज (अवर खंड) को सदस्य बनाया गया था। वहीं जिलाधिकारी की ओर से पांच नोडल अधिकारियों को नामित किया गया था।

 

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पैरा लीगल वालंटियर्स, अधिकार मित्र तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

 

1923 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

 

शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की पहल की गई। प्री-कैंप एवं मेगा कैंप के दौरान कुल 2900 पात्र लोगों को चिह्नित किया गया, जबकि शिविर के माध्यम से कुल 1923 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *