*त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में कूदा कक्षा सात का छात्र, 20 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग!*

Bureau Report /News 18 Plus / Maharajganj

 

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा सात का छात्र हिमांशु यादव त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में कूद गया। करीब 20 घंटे बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, लखरहिया बरगदही गांव निवासी हिमांशु यादव ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे त्रिमुहानी पुल से अचानक रोहिन नदी में छलांग लगा दी। घटना के समय पुल के नीचे कुछ लोग मौजूद थे। लोगों ने छात्र को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।

 

घटनास्थल पर छात्र की साइकिल और बैग मिलने से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल छात्र की तलाश शुरू कराई। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें स्टीमर और गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार खोजबीन कर रही हैं।

 

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक भी छात्र का कोई पता नहीं चल सका था। बचाव दल नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। वहीं, बेटे के लापता होने की खबर से परिवार की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग भी जुटे हुए हैं। सभी की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हैं और लोग छात्र के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल नदी में खोजबीन का अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *