*प्रसूता की मौत पर मचा बवाल, मायके ने लगाया हत्या का आरोप!*

Bureau Report /News 18 Plus /Chowk

 

शव गांव पहुंचते ही हंगामा, ससुराल पक्ष ने कहा—इलाज के दौरान हुई मौत; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव।

महराजगंज/चौक। चौक थाना क्षेत्र के पड़री खुर्द गांव में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब प्रसूता पूनम देवी का शव गांव पहुंचा। शव देखते ही मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि पूनम की गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इलाज के दौरान मौत होने की बात कही है। दोनों पक्षों के परस्पर विरोधी दावों के बीच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

आठ माह की गर्भवती थी पूनम

 

ससुराल पक्ष के मुताबिक, पूनम करीब आठ माह की गर्भवती थी और स्वास्थ्य खराब होने के बाद उसका इलाज कराया जा रहा था। मृतका की जेठानी नंदनी पत्नी रमेश गौड़ ने बताया कि परिवार की ओर से बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में ले जाने पर भी विचार किया जा रहा था। उनके अनुसार, मायके पक्ष के परिजनों के आग्रह पर पूनम को महराजगंज स्थित मातेश्वरी हॉस्पिटल में डॉ. अनुराधा के यहां भर्ती कराया गया।

 

जेठानी का दावा है कि 4 अगस्त को ऑपरेशन के दौरान पेट में ट्यूमर होने की जानकारी सामने आई थी। ऑपरेशन के बाद भी पूनम की हालत गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान 5 सितंबर को नवजात की मौत हो गई। इसके बाद पूनम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया, जहां 8 सितंबर की सुबह करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई।मृतका के ससुर केदार गौड़ ने बताया कि पूनम के इलाज में परिवार ने अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी। उनका कहना है कि इलाज का खर्च जुटाने के लिए खेत गिरवी रखने के साथ ही परिचितों से कर्ज भी लिया गया। परिवार को उम्मीद थी कि उपचार के बाद पूनम की हालत सुधरेगी और वह स्वस्थ होकर घर लौटेगी, लेकिन उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

 

पूनम के पीछे उसका चार वर्षीय पुत्र दीप है।

 

मंगलवार सुबह जैसे ही पूनम का शव पड़री खुर्द गांव पहुंचा, मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मायके पक्ष की ओर से पूनम की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाए जाने से गांव में तनाव का माहौल बन गया।

 

सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

 

मौके पर एसआई परशुराम, एसआई सुजीत कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विश्वनाथ पासवान, अखिलेश यादव, विश्वजीत सिंह और महिला हेड कांस्टेबल प्रियंका यादव समेत पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया।

 

चौक थाना प्रभारी मनीष कुमार पटेल ने बताया कि प्रसूता की मौत के मामले में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूनम की मौत को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के दावे अलग-अलग हैं। एक ओर मायके पक्ष हत्या का आरोप लगा रहा है, तो दूसरी ओर ससुराल पक्ष उपचार के दौरान मौत होने की बात कह रहा है। ऐसे में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ही पूरे मामले की तस्वीर साफ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *