*पुरानी रंजिश में पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी!*

Bureau Report /Correspondent/ News 18 Plus/ Siswa Kothibahar 

 

*कोठीभार पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू*

सिसवा:कोठीभार महराजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सोहट में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के ही दबंगों ने एक युवक और उसके पिता पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोहट निवासी पीड़ित रोहित चौधरी पुत्र सुरेश चौधरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि दिनांक 8 जुलाई 2026 को सुबह करीब 7 बजे पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान गांव के ही सोनू चौधरी (पुत्र उदई चौधरी) और उदई चौधरी (पुत्र मोतीचन्द चौधरी) ने एकराय होकर पीड़ित और उसके पिता सुरेश चौधरी को घेर लिया।

आरोप है कि दोनों ने अभद्र गालियां देते हुए रोहित और उसके पिता पर लात-मुक्कों तथा लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस मारपीट में पिता-पुत्र दोनों को काफी चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित परिवार को जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा का कथन:मामले की गंभीरता को देखते हुए कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित रोहित चौधरी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *