*नौतनवा में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर हमला, लाठी-डंडों से परिवार को पीटा; मंगलसूत्र और बच्चे की सोने की चेन छीनने का आरोप!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Satyam Soni /Nautanwa 

 

मारपीट में मां, भाभी, रिश्तेदार समेत कई लोग घायल; युवक का सिर फटा, पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ थाने में दी तहरीर, परिवार की सुरक्षा की लगाई गुहार।

 

महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम हाथीहवा के टोला मैनीहवा में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रामप्रीत कनौजिया ने थाना नौतनवा में प्रार्थना पत्र देकर चार लोगों पर एकराय होकर घर में जबरन घुसने, लाठी-डंडों से परिवार के सदस्यों की बेरहमी से पिटाई करने और हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है।

 

पीड़ित के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 को शाम करीब 3:45 बजे की है। आरोप है कि रामशजन कनौजिया, संगीता देवी, सुमित कनौजिया एवं रिचा कनौजिया पुरानी रंजिश को लेकर एक साथ उनके घर में घुस आए और परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

 

तहरीर में बताया गया है कि आरोपियों ने सबसे पहले उनकी माता अंजनी देवी के साथ मारपीट की। इसके बाद भाभी सुमित्रा देवी और रिश्तेदार नीतू देवी को भी निशाना बनाया। इस हमले में राज कनौजिया के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया। वहीं सुमित्रा देवी भी घायल हो गईं, जबकि नीतू देवी की आंख के पास चोट लगने की बात कही गई है।

 

पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान नीतू देवी का मंगलसूत्र तोड़कर छीन लिया गया। इसी बीच एक बच्चे के गले से सोने की चेन भी झपट्टा मारकर छीनने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

रामप्रीत कनौजिया का कहना है कि जब उन्होंने परिवार के सदस्यों को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनके हाथ और आंख में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि हाथ की हालत ऐसी है कि उसे ठीक से उठा पाना भी मुश्किल हो रहा है।

 

घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी भविष्य में भी उनके परिवार के साथ कोई गंभीर वारदात कर सकते हैं।

 

फिलहाल पीड़ित ने थाना नौतनवा में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *