Bureau Report/ News 18 Plus /Siswa Kothibar
स्थानीय कोठीभार थाने में दी गई तहरीर, सुरक्षा और नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
– पुलिस पर मामले को ‘रफूचक्कर’ करने का गंभीर आरोप, पत्रकार ने दी चेतावनी
महराजगंज / कोठीभार / निचलौल: जिले के कोठीभार और निचलौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत संचालित कुछ होटलों में कथित रूप से चल रहे अवैध और अनैतिक कारोबार की सच्चाई उजागर करने वाले एक स्थानीय पत्रकार की जान पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। खबर प्रकाशित करने के बाद से ही दबंग और अराजक तत्वों द्वारा पत्रकार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है।
क्या है पूरा मामला?:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार ने निचलौल थाना क्षेत्र के कुछ होटलों और रेस्टोरेंट में हो रहे अवैध एवं अनैतिक कार्यों को लेकर प्रमुखता से खबर उठाई थी। इस खुलासे से बौखलाए अराजक तत्वों ने पत्रकार को फोन और अन्य माध्यमों से डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पत्रकार ने अपने मूल निवास क्षेत्र के स्थानीय कोठीभार थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष से मुलाकात की और व्हाट्सएप के माध्यम से एक औपचारिक तहरीर दर्ज कराई। इस तहरीर में पत्रकार ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाने के साथ-साथ अपने सूत्रों के आधार पर दो होटल संचालकों को भी नामजद किया था।
कोठीभार पुलिस की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल:
पत्रकार का आरोप है कि कोठीभार के थानाध्यक्ष ने तहरीर देखने के बाद दोनों होटल संचालकों को बुलवाकर जांच-पड़ताल करने का आश्वासन दिया था। लेकिन इसके बावजूद, कथित तौर पर बिना पीड़ित पत्रकार की मौजूदगी या सूचना के ही होटल संचालकों को थाने बुलाकर मामले को अंदरखाने ‘रफूचक्कर’ कर दिया गया।
जब पत्रकार ने अपनी सुरक्षा और मामले की अद्यतन स्थिति जानने के लिए स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, तो उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि “यह निचलौल थाने का मामला है, आप वहीं तहरीर दें।”
“क्या देश-विदेश के थाने में दें सूचना?”:
पीड़ित पत्रकार ने इस टालमटोल की नीति पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए सवाल उठाया है कि—
“अगर किसी नागरिक या पत्रकार को अपनी जान-माल का खतरा महसूस हो, तो वह अपनी सुरक्षा के लिए अपने स्थानीय थाने को सूचना देगा या फिर किसी अन्य जिले या देश-विदेश के थाने में जाएगा?”
पत्रकार ने यह भी कहा है कि उन्हें और उनके परिवार को हर पल अनहोनी का भय सता रहा है। यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी कोठीभार पुलिस प्रशासन की होगी।