*निचलौल एसडीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन: जर्जर सड़क पर फूटा जनाक्रोश, छात्रों का आज बड़ा आंदोलन!*

News 18 Plus/ Bureau /Nichlaul Maharajganj 

 

निचलौल (महराजगंज): निचलौल-कोहड़वल मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र में आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य और जर्जर हालत से परेशान छात्रों व आम नागरिकों ने आज विशाल धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन निचलौल के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा जाएगा।

 

आयोजकों के मुताबिक, करीब एक माह पहले सड़क निर्माण के नाम पर जेसीबी मशीन से मार्ग को तोड़ दिया गया था, लेकिन इसके बाद कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजतन, यह मार्ग अब लोगों के लिए मुसीबत बन चुका है।

 

टूटी-फूटी सड़क और गड्ढों से भरे रास्ते के कारण छात्र-छात्राओं, किसानों, मरीजों और व्यापारियों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम ने हालात को और भयावह बना दिया है—सड़क पर जलभराव और कीचड़ से आवागमन लगभग ठप हो गया है।

 

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। साथ ही, सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

 

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर उसे पूरा नहीं कराया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस जनहित की लड़ाई को मजबूती देने की अपील की है।

 

इस संबंध में उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और कार्य प्रगति पर है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। निचलौल थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया मौके पर पुलिस बल मौजूद रही शान्ति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *