News 18 Plus /Bureau/ Siswa Kothibar
कोठीभार (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा कटहरी में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलवा निवासी रजवंता देवी अपनी तीन वर्षीय पुत्री अंकिता के साथ कटहरी बाजार दवा लेने आई थीं। मां दुकान पर दवा ले रही थी, तभी मासूम अंकिता अचानक दौड़ते हुए सड़क पर पहुंच गई। इसी दौरान बिसोखोर से कटहरी की ओर जा रहे एक बाइक सवार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना में शामिल बाइक व चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।