News 18 Plus /Bureau: Siswa Kothibar
ड्रिंकिंग एंड ड्राइव पर पैनी नजर, बिना हेलमेट वाहन चालकों को सख्त चेतावनी।
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लगातार हो रहे सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कोठीभार थाना पुलिस ने सिसवा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने किया।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर गुजरने वाले वाहनों की गहनता से जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 35 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, ड्रिंकिंग एंड ड्राइव और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रही। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देते हुए लापरवाही दोहराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
अभियान के दौरान सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य, राहुल राय समेत थाना और चौकी पुलिस के जवान पूरी तरह मुस्तैद रहे। पुलिस की सक्रिय चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।
कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लगातार वाहन चेकिंग अभियान चला रही है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को विशेष रूप से समझाया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी उनके जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहा यह अभियान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक कर सड़क हादसों को रोकना और लोगों की जिंदगी सुरक्षित रखना है।