Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज, 08 जून 2026। जनपद के प्रमुख ओडीओपी उत्पाद लकड़ी फर्नीचर उद्योग को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विकास खंड घुघुली के ग्राम रामपुर बल्डीहा में निर्माणाधीन एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) का जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर केंद्र का संचालन शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना लकड़ी फर्नीचर उद्योग को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से स्थापित की जा रही है। केंद्र में लकड़ी की गुणवत्ता और टिकाऊपन बढ़ाने के लिए वुड सीजनिंग एवं ट्रीटमेंट प्लांट, आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट, सीएनसी बोरिंग मशीन, पैनल सॉ, हाइड्रोलिक प्रेस, एयर कम्प्रेसर तथा अन्य अत्याधुनिक कटिंग और डिजाइनिंग उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह ने जानकारी दी कि पूर्वांचल क्षेत्र में इस प्रकार का यह पहला ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर होगा, जो लकड़ी फर्नीचर उद्योग से जुड़े उद्यमियों और कारीगरों को साझा आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि अधिकांश मशीनों की स्थापना पूरी हो चुकी है, जबकि बॉयलर और ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना का कार्य शेष है।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बॉयलर एवं ट्रीटमेंट प्लांट से संबंधित निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर अवशेष मशीनों की स्थापना कराई जाए। साथ ही केंद्र में उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं के शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा, ताकि संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना ओडीओपी सीएफसी योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से लकड़ी फर्नीचर व्यवसाय, सेवा और उद्योग से जुड़े उद्यमियों को गुणवत्तापूर्ण लकड़ी किफायती दरों पर उपलब्ध होगी, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह, एसी उद्योग राकेश जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।