न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
निचलौल (महराजगंज)। नगर पंचायत निचलौल के जिगनहवा में कराए जा रहे आरसीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर शिकायत सामने आई है। अनमोल मिश्रा ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए निर्माण कार्य की स्थलीय एवं तकनीकी जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


शिकायतकर्ता ने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने की आशंका जताई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरसीसी सड़क निर्माण के दौरान नीचे मिट्टी डालकर उसके ऊपर गिट्टी बिछाने का कार्य कराया गया है। उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, बेस की मोटाई, आरसीसी की गुणवत्ता, कार्य की वास्तविक मात्रा तथा स्वीकृत आगणन/डीपीआर के अनुरूप निर्माण होने की जांच कराने की मांग की है।
इसके साथ ही नाली निर्माण को लेकर भी शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नाली का निर्माण उनके चाचा के घर तक ही कराया जा रहा है, जबकि उसके आगे उनका घर और जमीन स्थित है। नाली आगे तक नहीं बनने की स्थिति में घर से निकलने वाले पानी की निकासी प्रभावित होने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता ने आवश्यकतानुसार नाली को उनके घर तक बढ़ाकर पूर्ण कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि जांच के दौरान यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष तकनीकी सत्यापन कराने की मांग की गई है।
अब निगाहें जांच पर टिकी हैं कि मौके पर निर्माण की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और क्या कार्य स्वीकृत मानकों एवं डीपीआर के अनुरूप कराया जा रहा है।