न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/ठूठीबारी
ठूठीबारी/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा कड़जा निवासी 33 वर्षीय रामबेलास गुप्ता की कुवैत में आकस्मिक मौत हो गई। उनके निधन की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुमन गुप्ता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के मुताबिक रामबेलास गुप्ता करीब डेढ़ वर्ष पहले रोजगार की तलाश में खाड़ी देश कुवैत गए थे। वहां वह मजरा में काम करते थे। परिवार के बीच घर लौटने की तैयारी चल रही थी। रामबेलास ने भारत आने के लिए टिकट भी करा लिया था और शुक्रवार को उनकी घर वापसी होनी थी।
लेकिन घर लौटने की खुशी से पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया गया कि मंगलवार, 15 सितंबर की शाम करीब तीन बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
रामबेलास अपने पीछे पत्नी सुमन गुप्ता, 15 वर्षीय पुत्र किशन गुप्ता और पांच वर्षीय पुत्री आराध्या को छोड़ गए हैं। पिता की मौत की खबर से दोनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए सबसे बड़ा संकट अब अपने प्रियजन का अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार कराने का है।
शव भारत लाने की कवायद शुरू
रामबेलास के परिजन कुवैत से शव भारत लाने के लिए संबंधित लोगों और अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। परिवार की मांग और उम्मीद है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि परिजन अपने हाथों से अंतिम संस्कार कर सकें।
विदेश में रोजी-रोटी कमाने गए रामबेलास के अचानक निधन की खबर ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।