Bureau Report/ News 18 Plus/ Nichlaul
फर्जी दस्तावेज और एआई से फोटो-फिंगरप्रिंट में छेड़छाड़ पर होगी कड़ी कार्रवाई।
महराजगंज। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, फर्जी दस्तावेजों के निर्माण पर रोक लगाने और आमजन को डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में गुरुवार को जनपदभर में ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएससी) एवं ऑनलाइन जन सेवा केंद्रों की सघन जांच का अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कुल 366 ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएससी) की गहन जांच की। इस दौरान केंद्र संचालकों के वैध लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाण-पत्र तथा संचालन से संबंधित अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
पुलिस टीमों ने विशेष रूप से यह जांच की कि किसी केंद्र पर एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) या अन्य सॉफ्टवेयर की मदद से फर्जी फोटो, कूटरचित पहचान पत्र अथवा अन्य दस्तावेज तैयार करने का कोई अवैध कार्य तो नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा के लिहाज से केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी क्रियाशीलता भी जांची गई।
संचालकों को दिए सख्त निर्देश
पुलिस ने सभी जन सेवा केंद्र एवं सीएससी संचालकों को निर्देशित किया कि वैध पहचान और आवश्यक सत्यापन के बिना किसी भी दस्तावेज को तैयार अथवा संशोधित न किया जाए। एआई या अन्य सॉफ्टवेयर के माध्यम से फोटो, फिंगरप्रिंट अथवा दस्तावेजों में हेरफेर को गंभीर कानूनी अपराध बताते हुए ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा केंद्रों पर आने वाले ग्राहकों का विवरण अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज करने और सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए गए।
महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि डिजिटल सुरक्षा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।