ब्यूरो रिपोर्ट /नरसिंह उपाध्याय/ महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज, 14 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने जिला खेल स्टेडियम में नव निर्मित वॉलीबॉल, लॉन टेनिस तथा बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मैदान में उगी झाड़ियों और फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को निर्देशित किया गया कि नगर पालिका और पंचायत के सफाई कर्मियों की संयुक्त टीम बनाकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे खिलाड़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
लॉन टेनिस और वॉलीबॉल कोर्ट का जायजा लेते हुए मैदान के चारों ओर मिट्टी भराई कर किनारों और पटरियों को समतल करने के निर्देश दिए गए, ताकि खिलाड़ियों को चोट से बचाया जा सके। साथ ही टेनिस बॉल को बाहर जाने से रोकने के लिए कोर्ट के चारों ओर मजबूत जाली लगाने को कहा गया।
बैडमिंटन हॉल के निरीक्षण में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे खिलाड़ी बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकें।
अधिकारियों ने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए सभी कार्य मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कमियों को जल्द दूर कर खेल परिसर को पूरी तरह क्रियाशील बनाया जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवीन कुमार गोयल, उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।