*फर्जी डिलीवरी का खेल! बागापार की गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का बड़ा आरोप, बिना सिलेंडर दिए दिखा दी सप्लाई।*

ब्यूरो रिपोर्ट/अवधेश सैनी सिंदुरिया 

 

महराजगंज:जनपद के बागापार स्थित श्री लक्ष्मी एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। इस बार मामला सीधे-सीधे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी से जुड़ा है। आरोप है कि एजेंसी उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी डिलीवरी दिखाकर सिलेंडरों को खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेच रही है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक ग्रामीण उपभोक्ता के मोबाइल पर एचपी गैस की ओर से डिलीवरी का मैसेज आया। मैसेज में 22 मार्च 2026 को गैस बुकिंग और डिलीवरी पूरी होने का दावा किया गया, साथ ही कैश मेमो नंबर भी दर्ज था। लेकिन हकीकत यह रही कि उपभोक्ता को सिलेंडर मिला ही नहीं।

 

यह एक मामला सामने आने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। कई अन्य ग्रामीणों ने भी यही आरोप दोहराए कि उनके नाम पर भी बिना गैस दिए डिलीवरी दर्ज कर दी गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं की जानकारी का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। सिलेंडरों को 1300 से 1600 रुपये तक ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है, जबकि जरूरतमंद उपभोक्ता समय पर गैस के लिए भटकने को मजबूर हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। पहले भी एजेंसी के खिलाफ शिकायतें की गई थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी और ढिलाई के कारण एजेंसी के हौसले बुलंद होते गए। अब जब मोबाइल मैसेज जैसे ठोस सबूत सामने आए हैं, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे और मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाएंगे।

 

बॉक्स: डीएसओ बोले—जांच के बाद दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। संबंधित टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में यदि कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *