महराजगंज पुलिस की सख्ती: 362 वाहनों का चालान, 50 अभियुक्त गिरफ्तार।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज, शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस सक्रिय

 

महराजगंज, 28 अप्रैल 2026 (मंगलवार)। जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए अपराधियों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान कुल 362 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज किया गया।

 

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की भी सघन जांच की गई।

 

शांति व्यवस्था को लेकर कार्रवाई

 

जनपद में शांति भंग की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 50 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। वहीं पुलिस एक्ट के तहत 83 लोगों का चालान किया गया।

 

मिशन शक्ति” के तहत जागरूकता

 

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

 

पैदल गश्त और सघन चेकिंग

 

पुलिस टीमों ने कस्बों और बाजारों में पैदल गश्त कर आमजन से संवाद स्थापित किया। बैंक, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। साथ ही अतिक्रमण हटाने और यातायात सुगम बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की गई।

 

जनसंवाद और शांति समिति बैठकें

 

पुलिस अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठकें कर सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की।

 

विवेचना निस्तारण और गिरफ्तारी

 

लंबित मामलों के निस्तारण के अभियान के तहत 9 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। वहीं 27/28 अप्रैल के दौरान विभिन्न मामलों में 50 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

पुलिस का संदेश: कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित वातावरण के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *