संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप: प्रेम विवाह के 4 साल बाद विवाहिता की रहस्यमयी मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप।

Bureau Report /Ashish Bharti

Farenda

 

फरेंदा/महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के करमहवा बुजुर्ग गाँव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई। मृतका की पहचान करिश्मा पत्नी विजय यादव के रूप में हुई है। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम विवाह के बाद उत्पन्न सामाजिक और पारिवारिक कड़वाहट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को अचानक करिश्मा की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर ससुराल पक्ष के लोग उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनकटी ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे “मृत अवस्था में लाया गया” घोषित कर दिया।

 

बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके वाले अस्पताल पहुँचे। वहां शव को देखते ही परिजनों का धैर्य टूट गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में ही ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

 

प्रशासनिक मुस्तैदी और पुलिस की जांच

 

घटना की गंभीरता और अस्पताल में बढ़ते तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनिरुद्ध पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

 

वहीं थानाध्यक्ष पुरंदरपुर मनोज राय ने बताया कि मृतका का विवाह लगभग 4–5 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए त्रासदी है, बल्कि समाज में प्रेम विवाह के बाद उत्पन्न होने वाले विवादों और तनावपूर्ण रिश्तों की सच्चाई को भी उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *