*करीब 2.36 करोड़ रुपये के चरस, गांजा व हेरोइन का किया गया विनिष्टीकरण!*

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj

 News 18 Plus /Chief Editor

ऑपरेशन दहन’ में बड़ी कार्रवाई: 96 किलो से अधिक मादक पदार्थ जलाकर नष्ट!

महराजगंज, 27 अप्रैल 2026 जनपद में नशा मुक्त समाज की दिशा में महराजगंज पुलिस ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के चार थानों—सिन्दुरिया, ठूठीबारी, कोल्हुई एवं नौतनवा—से संबंधित कुल 13 अभियोगों में जब्त 96.301 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 36 लाख 39 हजार 50 रुपये आंकी गई है।

 

इस कार्रवाई के तहत चरस, गांजा और हेरोइन जैसे घातक नशीले पदार्थों को नौतनवा स्थित मैसर्स ए.वी. बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज में निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से पूरी तरह भस्मीभूत किया गया। निस्तारण के दौरान पर्यावरण सुरक्षा के सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया।

 

पूरी प्रक्रिया क्षेत्राधिकारी फरेन्दा की उपस्थिति में गठित कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। इस कार्रवाई के माध्यम से महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत भविष्य में भी ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *