Bureau Report /Narsingh Upadhyay Maharajganj /News 18 Plus /Sub Editor
महराजगंज, 09 मई 2026 जनपद के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना पुरन्दरपुर में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों ने राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर समाधान सुनिश्चित करे, ताकि आम नागरिकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके साथ ही निर्देशित किया गया कि जमीन से संबंधित सभी शिकायतों—चाहे वे थाना स्तर पर प्राप्त हों, आईजीआरएस या अन्य माध्यमों से—उन्हें थाना समाधान दिवस रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। समाधान दिवस के अवसर पर दोनों पक्षों को बुलाकर संयुक्त टीम के माध्यम से मामलों का न्यायपूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन की इस पहल से फरियादियों में भरोसा बढ़ा है और समस्याओं के मौके पर समाधान की उम्मीद जगी है।