Bureau Report /Rajiv Tripathi /Siswa Kothibar News 18 Plus/ Co-Editor
महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरवा दिगम्बर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव नहर पर बने रेगुलेटर से फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरवा दिगम्बर निवासी अनिल साहनी (30 वर्ष) पुत्र ढोढई साहनी का शव गांव के समीप स्थित नहर रेगुलेटर पर कपड़े के फंदे से लटका मिला। बुधवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने शव को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
मृतक अपने पीछे पत्नी बबिता देवी (28 वर्ष) और दो मासूम पुत्र आदित्य (9 वर्ष) तथा देव (7 वर्ष) को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है।
थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वहीं क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।